राज्य
09-Apr-2026
...


- विवाद पर जबलपुर विजयवर्गीय का तीखा बयान जबलपुर, (ईएमएस)। मप्र सरकार के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने जबलपुर प्रवास के दौरान इंदौर में ‘वंदे मातरम’ गायन को लेकर हुए हालिया विवाद पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है और इस विषय पर किसी प्रकार का भ्रम या विवाद उचित नहीं है। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग देश के संसाधनों का लाभ तो लेते हैं, लेकिन जब राष्ट्र के प्रति निष्ठा दिखाने का अवसर आता है तो पीछे हट जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस भूमि पर हम जन्म लेते हैं, पलते-बढ़ते हैं और पहचान बनाते हैं, उसे माता के रूप में सम्मान देना हमारी संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। यहां जबलपुर क्लब के शताब्दी वर्ष में शामिल होने आए विजयवर्गीय कुछ पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा कर रहे थे| उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता और श्रद्धा व्यक्त करने का माध्यम है। इस पर अनावश्यक विवाद खड़ा करना दुर्भाग्यपूर्ण है। विजयवर्गीय ने उम्मीद जताई कि समाज में सकारात्मक सोच विकसित होगी और लोग राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेंगे। बंगाल में आएगी सरकार.. इस दौरान पत्रकारों द्वारा पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर कैलाश विजयवर्गीय ने आत्मविश्वास से कहा, बंगाल में इस बार हम पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में पार्टी की स्थिति मजबूत है और जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और जनता परिवर्तन चाहती है। विजयवर्गीय ने भरोसा जताया कि चुनाव परिणाम पार्टी के पक्ष में आएंगे। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, पार्षद कमलेश अग्रवाल मौजूद रहे| सुनील साहू / शहबाज / 09 अप्रैल 2026/ 05.09