ग्वालियर ( ईएमएस ) / ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को उपनगर ग्वालियर में विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास एवं नागरिकों का सुगम जीवन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री श्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान सड़क, सीवर, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुडी़ समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर विभागीय अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित रहे। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वार्ड-5 स्थित नहर वाले हनुमान मंदिर के पास गोकुल विलास मानुपर फेस-2 एवं 3 में क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर उनकी सड़क, सीवर, विद्युत एवं पेयजल से संबंधित समस्याओं को जाना तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिये निर्देशित किया। इसके साथ ही बहादुरनगर, गली क्रमांक 1 व 2 में भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से जनसंवाद किया। साथ ही मानुपर स्थित संजीवनी क्लीनिक का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वार्ड क्रमांक-1, अमरापहाड़ी क्षेत्र में भ्रमण कर सीवर, सड़क एवं पेयजल से संबंधित आमजन की समस्याओं को सुना तथा उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही अमरा पहाड़ी में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि इस सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगीं। विकास के इस क्रम में जन-जन की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वार्ड-12 लाईन नंबर 8 में नागरिकों के बीच पहुँचकर जनसंवाद किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।