क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


- प्राणघातक हमले के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, माली समाज ने सौंपा ज्ञापन सारंगपुर (ईएमएस)। नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित बागकुआं टंकी क्षेत्र में 6 अप्रैल की रात करीब 10 बजे एक युवक पर हुए चाकू हमले के मामले में अब माली समाज ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। गुरुवार को समाज के लोगों ने नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 15 निवासी विमल पुष्पद पर पिता-पुत्र और उनके कुछ साथियों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट, सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा तत्काल उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। इस पर माली समाज के जिलाध्यक्ष संतोष पुष्पद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से प्राणघातक हमला है, बावजूद इसके पुलिस ने गंभीर धाराएं नहीं लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्की धाराएं लगाए जाने के कारण आरोपियों को आसानी से जमानत मिल गई और वे अब खुलेआम पीड़ित परिवार को धमका रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी और धारा 307 लगाने की मांग माली समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को नायब तहसीलदार गोपालसिंह चौहान को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि आरोपियों के खिलाफ धारा 307 सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन में समाज ने प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन करते हुए थाने का घेराव किया जाएगा। इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय फूलमाली समाज के जिलाध्यक्ष संतोष पुष्पद, पार्षद राकेश पुष्पद, नवयुवक फूलमाली समाज के पूर्व अध्यक्ष अमित सुहानी, पंचायत भेरूदरवाजा के अध्यक्ष धनसिंह पुष्पद, जिला सहसंयोजक विनोद पुष्पद सहित समाज के कई वरिष्ठजन, युवा इकाई के सदस्य और पीड़ित परिवार के समर्थक मौजूद रहे। एसडीओपी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन इधर सारंगपुर एसडीओपी अरविंदसिंह ने बताया कि मामले की पुनः जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि जांच में प्राणघातक हमले की पुष्टि होती है तो आरोपियों पर उचित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। नरेन्द्र जैन/ईएमएस/09/04/2026