क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


- दूल्हे सहित कट्टा देने वाले चाचा ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज - चाचा ससुर गिरफ्तार, दूल्हा फरार भोपाल(ईएमएस)। परवरिया थाना क्षेत्र में शादी के बीच दूल्हे को कट्टे से हर्ष फायर करना महंगा पड़ गया। दरअसल फायरिंग का वीडियो बनाकर बारातियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। जैसै ही यह वीडियो पुलिस की नजरो में आया पुलिस तुरंत ही एक्शन मोड में आई और दूल्हे के साथ ही उसके चाचा ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करने वाले दूल्हे का नाम मिस्बा खान है। वहीं, कट्टा देने वाले आरोपी का नाम असलम खान है, जो दूल्हे का चाचा ससुर है। जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम करने वाले मिस्बा खान की 8 अप्रैल को द डी फॉर्म हाउस में शादी थी। बारात के पहुंचते ही जोश और जश्न के माहौल के बीच बारातियों ने इवेंट में इस्तेमाल की जाने वाली फायर गन चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान दूल्हे के चाचा ससुर असलम खॉन ने अपने पास रखा कट्टा दूल्हे को थमा दिया। जोश में आकर दूल्हे ने कट्टे से फायर कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में दिख रहा है, कि दूल्हा डांस कर रहा है। वहीं उसके दोस्त और परिजन नोट उड़ा रहे हैं। वायरल वीडियो के जरिए मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने कट्टा देने वाले आरोपी असलम खान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि असलम खान के कब्जे से अवैध हथियार भी जब्त किया गया है। वहीं, फायरिंग करने वाला दूल्हा अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जुनेद / 9 अप्रैल