- भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर जनभागीदारी से हो रहे कार्य रोकने का मामला देवरी/सागर (ईएमएस)। देश में सामाजिक बदलाव लाने के लिए जनकल्याण के सामुदायिक कार्यक्रमों एवं सरकारी अभियानों में जनभागीदारी की अपील करने वाला शासन-प्रशासन मुक्तिधामों में जनभागीदारी और सामाजिक सहयोग से चल रहे विकास एवं सौन्दर्यीकरण पर बुलडोजर चलाये जाने को लेकर कटघरे में है। विगत 4 अप्रैल को हुई बुल्डोजर कार्रवाई के बाद अब नागरिक घटना को लेकर सत्याग्रह पर उतर चुके है। मौन जुलूस और ज्ञापन के बाद अब अपनी मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे नागरिकों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से मामले में कार्रवाई की मांग की है।झुनकु वार्ड स्थित मुक्तिधाम में सवच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर चल रही सौन्दर्यीकरण की मुहिम में जन सहयोग से बनाए जा रहे भगवान आदि योगी स्मारक, अस्थि संचय कक्ष, लकड़ी भंडार गृह,गार्ड रूम की नींव प्रशासन द्वारा विगत 4 अप्रैल को बिना नोटिस तोड़े जाने की कार्रवाई को लेकर नागरिकों में भारी असंतोष व्याप्त है। भाजपा के स्थानीय मंडल अध्यक्ष के शिकायती आवेदन के बाद प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई पर नागरिक जमकर सवाल उठा रहे है। मामले को लेकर विगत दिवस संगम मुक्तेश्वर महादेव मुक्तिधाम सेवा समिति एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा मौन जुलूस निकालकर प्रदेश मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सोपा गया था जिसमें नगर विकास कार्यो में गंदी राजनीति बंद किये जाने एवं मुक्तिधाम में जनभागीदारी से सौन्दर्यीकरण कार्यो में अनावश्यक हस्तक्षेप रोके जाने की मांग की गई थी। अब उक्त 4 सूत्रीय मांगो लेकर मुक्तिधाम समिति एवं नागरिक धरने पर बैठ गये है। स्थानीय नगरपालिका चौराहे पर आरंभ हुए इस धरने के प्रथम दिवस नागरिकों ने अपनी सहभागिता दिखाई।धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में जगदीश सोनी, सतीश अरेले, कश्यप बोहरे, छुट्टन गुरु, नर्मदा वाल्मीकि, संजय वर्मा, ओमकार विश्वकर्मा, ज्ञानी कोष्टी, जगत ठाकुर, राधेश्याम विश्वकर्मा, राजा गुप्ता, प्रेम कोष्टी, जिनेंद्र कोष्टी, वैभव खत्री, शिवा नामदेव,सीताराम गुरु, नितिन साहू सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक मांगो के समर्थन मंे धरने में शामिल हुए। निखिल सोधिया/ईएमएस/09/04/2026