राज्य
09-Apr-2026


* आने वाले दिनों में तापमान 4–5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना, सौराष्ट्र-कच्छ में गर्म हवाओं का असर अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और अब स्थिति और गंभीर होने वाली है। मौसम विभाग ने राज्य में कड़ी गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है। ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राज्य में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। खासकर सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में गर्म हवाएं चल सकती हैं, जिससे गर्मी और अधिक असहनीय हो जाएगी। वहीं हवा में नमी के स्तर में बदलाव के कारण उमस भी बढ़ेगी, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। मौसम विभाग के निदेशक ए.के. दास के अनुसार दक्षिण-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं के चलते गर्मी में और इजाफा होगा। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। आगामी सात दिनों के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। इसके चलते आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वहीं, अब राज्य में बारिश की गतिविधियां भी कमजोर पड़ने लगी हैं। आज से ही अधिकांश क्षेत्रों में बारिश थम जाएगी। फिलहाल राज्य में तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसके कारण दक्षिण-पश्चिम से पश्चिम दिशा की हवाएं चलेंगी। इन हवाओं और बढ़ते तापमान के कारण खासकर तटीय क्षेत्रों में गर्मी और उमस का प्रभाव ज्यादा महसूस होगा। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के मध्य तक कोई नई बड़ी प्रणाली सक्रिय होने की संभावना नहीं है। वर्तमान प्रणाली के आगे बढ़ने के बाद आसमान में बादल तो रहेंगे, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। फिलहाल राज्य में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच चुका है। अहमदाबाद में 35.8 डिग्री और गांधीनगर में 35.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। आने वाले दिनों में पारा और चढ़ेगा, जिससे लोगों को कड़ी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। सतीश/09 अप्रैल