राज्य
09-Apr-2026
...


हैरी बॉक्सर गैंग का प्रमुख सदस्य एवं 20 हजार रुपये का इनामी फरार आरोपी मुरैना से गिरफ्तार भोपाल (ईएमएस)। हैरी बॉक्सर गैंग से संबंधित अशोकनगर, इंदौर, भोपाल एवं खरगोन जिलों में घटित संगठित अपराधों की विवेचना हेतु अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ डी. श्रीनिवास वर्मा के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस महानिरीक्षक (रेल) राहुल लोढ़ा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। इसी क्रम में एसटीएफ की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। हैरी बॉक्सर गैंग के सक्रिय सदस्य एवं 20 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी प्रदीप शुक्ला को मुरैना जिले से गिरफ्तार किया है। उल्लेखनीय है कि दिनांक 11-12 फरवरी को थाना कोतवाली, जिला अशोकनगर में दर्ज अपराध के तहत स्थानीय व्यापारी को लॉरेन्स विश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुये हैरी बॉक्सर द्वारा फिरौती की धमकी दी गई थी। इस प्रकरण में पूर्व में अशोकनगर पुलिस द्वारा मनीष जांगिड़ (जयपुर), पवन शर्मा (गोरमी, भिण्ड) एवं दिनेश सुथार (बीकानेर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण का मुख्य आरोपी प्रदीप शुक्ला निवासी डिफेंस कॉलोनी, जिला आगरा (उ.प्र.) घटना के बाद से फरार था, जिस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी प्रदीप शुक्ला ने सह-आरोपी मनीष जांगिड़ को फरियादी के घर की रेकी एवं फायरिंग के लिए निर्देशित करते हुए गोरमी (भिण्ड) एवं गोवा से ऑनलाइन माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई थी। आरोपी प्रदीप शुक्ला हैरी बॉक्सर गैंग का प्रमुख सदस्य है, जिसके विरुद्ध पूर्व से फिरौती, रंगदारी एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के कुल 09 प्रकरण दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह राजस्थान, पंजाब एवं उत्तरप्रदेश में लगातार स्थान बदलकर रह रहा था। एसटीएफ एवं एसआईटी की विशेष टीमों द्वारा लगातार की जा रही पतारसी के फलस्वरूप दिनांक 08 अप्रैल को आरोपी को शिकारपुर, जिला मुरैना से आते समय गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध विधि अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित शर्मा, उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुशवाह, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह गुर्जर, आरक्षक अनुज सिंह तोमर, आरक्षक भोला शंकर, आरक्षक राहुल यादव, आरक्षक सौरभ गुर्जर एवं आरक्षक पवन शाक्य की सराहनीय भूमिका रही। मध्यप्रदेश पुलिस प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं संगठित अपराधों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हेतु प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। हरि प्रसाद पाल / 09अप्रैल, 2026