राज्य
09-Apr-2026


देहरादून (ईएमएस)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह समस्या अब केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं रह गई है, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए एक गंभीर खतरा बन चुकी है को लेकर युवाओं व समाज को जागरूक करने के लिए जन जागरण पैदल मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि दून क्षेत्र के कई हिस्सों-विशेषकर दून यूनिवर्सिटी, कैनाल रोड, दौड़वाला एवं आसपास के इलाकों में युवाओं के बीच सूखे नशे (ड्रग्स) का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। विभिन्न राष्ट्रीय रिपोर्टों और सर्वेक्षणों में भी युवाओं के बीच नशीले पदार्थों की बढ़ती उपलब्धता को गंभीर सामाजिक चुनौती के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा है कि स्थानीय स्तर पर भी सुनसान स्थानों पर समूह बनाकर नशा सेवन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय है। रौतेला ने कहा कि इस स्थिति का सबसे अधिक दुष्प्रभाव छात्र-छात्राओं और युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज माता-पिता अपने बच्चों को अच्छे भविष्य के लिए शहर भेजते हैं, लेकिन बढ़ते नशे के जाल ने उनके मन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/09 अप्रैल 2026