:: मंत्री प्रहलाद पटेल ने दिया सफलता का मंत्र :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। भोपाल स्थित मध्यप्रदेश जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान में आयोजित नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (जनपद पंचायत) एवं विकास खंड अधिकारियों के अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने अधिकारियों को सम्मानित करते हुए उन्हें लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने की सीख दी। अधिकारियों से सीधे संवाद के दौरान मंत्री पटेल ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे आगामी तीन वर्षों में ऐसी कार्ययोजना पर अमल करें जिससे उन्हें स्वयं आत्म-संतुष्टि प्राप्त हो, क्योंकि यही आमजन के जीवन में आए सुधार का पैमाना है। उन्होंने टीम वर्क और रुचि के अनुसार क्षमता निर्माण के महत्व को भी रेखांकित किया। विगत 45 दिनों से संचालित इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त अधिकारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जमीनी चुनौतियों और व्यावहारिक पहलुओं को समझा। समापन सत्र में अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण और भ्रमण के माध्यम से उन्हें भविष्य की चुनौतियों से निपटने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की रूपरेखा तैयार करने में मदद मिली। इस अवसर पर विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/09 अप्रैल 2026