राज्य
09-Apr-2026
...


:: होपिन पेटियो और दाल बाटी सुरमा पर खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, पनीर और बाफले के आटे सहित 9 नमूने सील :: इंदौर (ईएमएस)। मिलावटखोरों और नियम विरुद्ध खाद्य कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ इंदौर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को न्यू पलासिया क्षेत्र के दो प्रमुख संस्थानों पर औचक दबिश दी। 311 ऐप पर प्राप्त उपभोक्ता शिकायत के आधार पर टीम ने होपिन पेटियो कैफे (Creme Roasting LLP) का निरीक्षण किया। जाँच के दौरान फर्म के पार्टनर तर्ष लखवानी मौके पर मौजूद थे, लेकिन संस्थान के पास वैध खाद्य पंजीयन उपलब्ध नहीं पाया गया। अधिकारियों ने बिना पंजीयन कारोबार करने पर प्रकरण तैयार किया और मौके से पनीर, दही, चावल, राजमा एवं एडिबल आइस के 5 नमूने जाँच हेतु जब्त किए। नियमित जाँच के तहत टीम न्यू पलासिया स्थित दाल बाटी सुरमा (Delish Foods and Company) भी पहुँची। यहाँ पार्टनर नवल परिहार की उपस्थिति में दही, तुअर दाल, चावल और बाफले के आटे के 4 नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, सभी 9 नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद संबंधितों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। :: कलेक्टर की सख्त चेतावनी :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को उपभोक्ता शिकायतों पर त्वरित एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी संचालक अनिवार्य रूप से वैध लाइसेंस के साथ ही व्यवसाय करें। प्रकाश/09 अप्रैल 2026