मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर: द रिवेंज में कई ऐसे किरदार हैं, जिनका स्क्रीन स्पेस भले ही कम रहा हो, लेकिन उन्होंने दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी है। इन्हीं यादगार किरदारों में से एक है, दानिश इकबाल द्वारा निभाया गया बड़े साहब का रहस्यमय किरदार, जिसने उन्हें रातों-रात लोकप्रिय बना दिया। हालांकि, दानिश के लिए यह किरदार हासिल करना और इसे निभाना किसी चुनौती से कम नहीं था, जिसकी कहानी खुद अभिनेता ने हाल ही में साझा की। धुरंधर: द रिवेंज में बड़े साहब का दमदार रोल निभाकर दानिश इकबाल हर तरफ चर्चा का विषय बन गए हैं। फिल्म में उनके प्रभावशाली अभिनय की खूब तारीफ हो रही है, लेकिन जिस तरीके से उन्हें इस किरदार के लिए अप्रोच किया गया, वह काफी अनोखा था। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर बताया कि उन्हें एक संदेश मिला जिसमें उनकी हाइट और वेट पूछा गया था। दानिश को पहले लगा कि यह किसी कास्टिंग का तरीका है या कुछ और, लेकिन उन्होंने अपनी जानकारी साझा कर दी। इसके बाद उनसे कहा गया कि यह किरदार की मांग है। फिर, जाने-माने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का फोन आया, जिसमें उन्हें दाऊद के किरदार के बारे में बताया गया। फिल्म निर्माताओं ने रिलीज से पहले इस किरदार से जुड़ा सस्पेंस बनाए रखने की पूरी कोशिश की थी, क्योंकि वे जानते थे कि यही छोटे-छोटे किरदार फिल्म में जान डाल देंगे – और हुआ भी वैसा ही। बड़े साहब की रहस्यमय उपस्थिति और उनका व्यक्तित्व फिल्म के सबसे प्रभावशाली तत्वों में से एक बन गया। दानिश इकबाल के लिए यह किरदार सिर्फ डायलॉग्स बोलने या एक्शन करने तक सीमित नहीं था। उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि बड़े साहब के किरदार के लिए उन्हें लगातार कई घंटों तक प्रोस्थेटिक मेकअप करवाने के लिए बैठे रहना पड़ता था। यह प्रक्रिया उनके लिए शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से बेहद थका देने वाली थी। उन्होंने बताया, अगर मेरी शिफ्ट सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक होती, तो मैं सुबह 3 बजे तक सेट पर होता था। मुझ पर पांच से छह लोग एक साथ काम करते थे और इस मेकअप प्रक्रिया में लगभग नौ घंटे लग जाते थे। प्रोस्थेटिक लगवाने की प्रक्रिया जितनी थकाने वाली थी, उतनी ही पाबंदियों से भी भरी थी। दानिश ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, सांस लेने में दिक्कत होती थी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ खा-पी नहीं सकते थे। अंदर पसीना आता रहता था और घुटन महसूस होती थी। मैं पूरा दिन सिर्फ तरल पदार्थों पर ही निर्भर था। बस थोड़ा सा जूस, कभी-कभी ऊर्जा के लिए थोड़ी सी डार्क चॉकलेट खा लेता था। बता दें कि आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, जिसने वैश्विक स्तर पर 1,600 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर सनसनी मचा दी है। सुदामा/ईएमएस 10 अप्रैल 2026