10-Apr-2026
...


अंबिकापुर(ईएमएस)। शहर को दहला देने वाले रेप और मर्डर केस में आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने कोरिया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के महामाया मंदिर द्वार के पास 3 अप्रैल को एक महिला का खून से सना शव संदिग्ध हालत में मिला था, जिससे पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम ने जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान और चेहरा कुचला हुआ पाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस जघन्य वारदात की भयावहता सामने आई। महिला की 12 पसलियां टूट चुकी थीं, जिससे उसके फेफड़े और दिल को गंभीर क्षति पहुंची थी। सिर की हड्डियां भी टूटी थीं और गला दबाने के निशान मिले थे। जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में मृतका की पहचान 45 वर्षीय महिला के रूप में हुई, जो गंगापुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। बताया गया कि वह अपने कथित प्रेमी के साथ रहती थी, जो खुद को ‘पुष्पा’ नाम से परिचित कराता था। आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। सीसीटीवी फुटेज में दोनों को घटना की रात करीब 1 बजे घटनास्थल की ओर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद से आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की और ड्रोन की मदद भी ली। आखिरकार उसे कोरिया जिले में दबोच लिया गया। घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश देखा गया। कांग्रेस ने 7 अप्रैल को कैंडल मार्च निकालकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी और आंदोलन की चेतावनी दी थी। पुलिस अब आरोपी को अंबिकापुर लाकर आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)10 अप्रैल 2026