10-Apr-2026
...


- 14 पशु पकड़कर भेजे गए सुरक्षित स्थल कटनी (ईएमएस)। शहर में सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा आवारा मवेशियों के विरुद्ध सघन अभियान लगातार जारी है। निगम की हांका टीम द्वारा प्रतिदिन विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए सड़कों पर विचरण कर रहे मवेशियों को पकड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गठित दल ने हेमू कालाणी वार्ड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित शहर के मुख्य मार्गों, व्यस्त चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर घूम रहे 11 मवेशियों (गाय एवं बैल) को पकड़कर सुरक्षित रूप से अमीरगंज कांजी हाउस भेजा गया। वहीं नागरिकों की सुरक्षित आवागमन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 3 आवारा श्वानों को भी पकड़कर एबीसी सेंटर भेजने की कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़कों पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से यातायात बाधित होने के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार अभियान चलाकर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन ने पशुपालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई भी अपने मवेशियों को खुले में छोड़ता पाया गया, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर न छोड़ें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे शहर में सुगम यातायात एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। ईएमएस/ 10 अप्रैल