राज्य
10-Apr-2026


जयपुर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल एवं चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेशभर में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार अभियान के तहत ब्यावर में मसाला फैक्ट्री पर कार्रवाई कर मिलावटी मसाले जब्त किए गए।खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह के सुपरविजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत की टीम ने मिलावटी मसालों की शिकायतों पर ब्यावर में कार्रवाई की। ब्यावर स्थित सराधना इंडस्ट्रियल एरिया में मैसर्स महावीर गृह उद्योग पर केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कलर एवं चापड़ मिलाकर तैयार किया जा रहा 5480 किलो मिर्च पाउडर एवं 1400 किलो चापड़ को मौके पर सीज किया। फैक्ट्री परिसर में चापड़ के कट्टों से भरी गाड़ी पाई गई। इस चापड़ को लाल मिर्च पाउडर में मिलाकर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। इसी की दूसरी फर्म मैसर्स गुलाब चंद-उत्तम चंद के परिसर में मिर्च, धनिया, हल्दी को पीसने का काम किया जा रहा था। मौके पर उपलब्ध मसालों की ढेरियों में से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर एवं साबुत मिर्च के नमूने लिए गए। साथ ही, 1550 किलो हल्दी पाउडर, 700 किलो धनिया पाउडर, 1900 किलो मिर्च पाउडर को सीज किया गया। मसालों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अशोक शर्मा/ 5:40 बजे/ 10 अप्रेल 2026