- व्यवसायियों से दुकानों में डस्टबिन रखने की अपील कटनी (ईएमएस)। स्वच्छता सर्वेक्षण के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा गुरुवार देर शाम “रोको-टोको” जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए मुख्य बाजार क्षेत्रों में विशेष रूप से निरीक्षण एवं समझाइश दी गई। स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सुभाष चौक से मुख्य स्टेशन, दिलबहार चौक एवं दुर्गा चौक खिरहनी तक क्षेत्र के व्यापारियों एवं फुटकर दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने तथा अनिवार्य रूप से डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की गई। अभियान के तहत यह भी समझाइश दी गई कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही दिया जाए। व्यापारियों को बताया गया कि अब शाम के समय भी कचरा संग्रहण वाहन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे रात्रि के दौरान भी शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखी जा सके। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर का निर्माण संभव है। अभियान के दौरान हेड दरोगा तेजभान सिंह, स्वच्छता निरीक्षक अतुल गुप्ता, संदीप बर्मन, तीरथ प्रसाद, दिलीप मेहतो, विनय महतो सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। ईएमएस/ 10 अप्रैल