राष्ट्रीय
10-Apr-2026


पटना (ईएमएस)। बिहार के सहरसा जिले में एक फार्महाउस से सात नाबालिग लड़कियों के रेस्क्यू के बाद सनसनी फैल गई है। मामले में जेडीयू नेता ओवैस करनी पर गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि फार्महाउस में लड़कियों की निजता का उल्लंघन करते हुए विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। परिजनों का कहना है कि स्नानघर और शौचालय जैसे निजी स्थानों तक में कैमरे स्थापित थे। पुलिस ने 29 मार्च को कार्रवाई करते हुए सात नाबालिगों को वहां से मुक्त कराया। लड़कियों ने यौन शोषण और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। जांच के दौरान फार्महाउस परिसर और मजदूरों के रहने की जगहों पर कई कैमरे मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी। नंदिनी परसाई/ 10 अप्रैल 2026