राष्ट्रीय
10-Apr-2026


भाजपा सांसद अपराजिता सांरगी ने पत्र लिखकर की अपील भुवनेश्वर,(ईएमएस)। भाजपा सांसद अपराजिता सांरगी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन मांझी को पत्र लिखकर भुवनेश्वर मेट्रो रेल परियोजना को रोकने के हालिया फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर इस समय “टिपिंग पॉइंट” पर पहुंच चुका है, जहां तेजी से बढ़ता शहरीकरण, जनसंख्या वृद्धि और ट्रैफिक जाम की समस्या मौजूदा परिवहन व्यवस्था पर भारी दबाव डाल रही है। सांसद सारंगी ने अपने पत्र में कहा कि शहर को अब एक आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की आवश्यकता है। उनके अनुसार मेट्रो रेल ही दीर्घकालिक समाधान है, जो न केवल भुवनेश्वर बल्कि आसपास के क्षेत्रों जैसे कटक, जेटी और खुर्दा को भी बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। इससे यात्रियों को समय की बचत होगी और ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो सेवा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, छात्रों, कामकाजी लोगों और दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही यह परियोजना रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यदि इसे रोका गया तो शहर के समग्र विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पत्र में उन्होंने तर्क दिया कि यह परियोजना केवल परिवहन साधन नहीं, बल्कि भुवनेश्वर को एक स्मार्ट और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक इस परियोजना पर लगभग 274 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और देरी होने पर भविष्य में लागत कई गुना बढ़ सकती है। सांसद ने उल्लेख किया कि देश के कई शहरों में मेट्रो परियोजनाएं पहले से चल रही हैं या निर्माणाधीन हैं, जिनमें टियर-2 शहर भी शामिल हैं। इसके अलावा, मेट्रो कनेक्टिविटी से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि इससे प्रमुख स्थलों जैसे लिंगराज मंदिर, धौली शांति स्तूप और नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क तक पहुंच आसान होगी। सासंद सांरगी ने मुख्यमंत्री से 4 अप्रैल के कैबिनेट फैसले पर पुनर्विचार करने, केंद्र सरकार के साथ समन्वय बढ़ाने और परियोजना के लिए फंडिंग में सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की। आशीष दुबे / 10 अप्रैल 2026