उज्जैन(ईएमएस) । उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र के झालरिया गांव में दो वर्षीय भागीरथ देवासी खुले बोरवेल में गिर गया। घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। रेस्क्यू टीम के अनुसार बच्चा लगभग 75 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है, जबकि बोरवेल की कुल गहराई करीब 200 फीट बताई जा रही है। भीतर पानी भी मौजूद है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीम बचाव अभियान में जुटी है। बच्चे तक पहुंचने के लिए पांच पोकलेन मशीनों से समानांतर सुरंग बनाई जा रही थी, लेकिन 40 फीट खुदाई के बाद चट्टानें आने से काम रोकना पड़ा। अब हैमर मशीन से चट्टान तोड़ने की तैयारी है। बोरवेल में कैमरा डालकर निगरानी की जा रही है और ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया जा रहा है। मौके पर एंबुलेंस तैनात हैं। भागीरथ का परिवार राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है और यहां भेड़ चराने आया था। खेलते समय बोरवेल का ढक्कन हटने से यह हादसा हुआ। नंदिनी परसाई /10 अप्रैल 2026