राष्ट्रीय
10-Apr-2026
...


-चारों सदनों के सदस्य बनने का बना अनोखा रिकॉर्ड नई दिल्ली,(ईएमएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर एक अनोखा राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वे अब भारत के ऐसे पहले नेता बन गए हैं, जो लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद, चारों सदनों के सदस्य रह चुके हैं। राज्यसभा में उन्हें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण और अर्जुन राम मेघवाल समेत बिहार एनडीए के कई नेता शामिल थे। शपथ ग्रहण के बाद माहौल हल्का-फुल्का भी नजर आया। राज्यसभा सांसद संजय झा ने हस्ताक्षर के लिए उन्हें पेन दिया, जिस पर नीतीश कुमार मुस्कुराते हुए बोले- “हो गया… चलें?” इसके बाद उन्होंने फोटो सेशन के लिए रुकने का भी आग्रह स्वीकार किया। नीतीश कुमार ने अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई अहम पद संभाले हैं। वे पहले लोकसभा सांसद रह चुके हैं और बिहार विधानसभा व विधान परिषद के भी सदस्य रहे हैं। अब राज्यसभा में उनकी एंट्री के साथ उनका संसदीय अनुभव और भी व्यापक हो गया है। राजनीतिक हलकों में इसे एक प्रतीकात्मक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि यह भारत के संसदीय इतिहास में दुर्लभ उपलब्धियों में से एक है। उनकी यह शपथ ऐसे समय में हुई है जब बिहार की राजनीति में एनडीए की सक्रियता और रणनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा तेज है। हिदायत/ईएमएस 10मार्च26