क्षेत्रीय
10-Apr-2026


सिरोंज (ईएमएस)। क्षेत्र के ग्राम बरेज में एक भावनात्मक और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब जन अभियान परिषद से संबद्ध संस्था सर्व धर्म जन कल्याण सेवा समिति द्वारा विधायक हरिसिंह सप्रे के जन्मदिन को सेवा और प्रकृति के नाम समर्पित किया गया। इस अवसर पर पीएम श्री विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर एक दर्जन पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय के प्राचार्य संतोष जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि यदि हम अपने जीवन के खास पलों को प्रकृति को समर्पित करें, तो यह धरती फिर से हरी-भरी हो सकती है। कार्यक्रम के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल मंदिर प्याऊ का शुभारंभ भी किया गया। गर्मी को देखते हुए गांव में ठंडे पानी के लिए मटकों की व्यवस्था की गई, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को राहत मिल सके। कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ जिला अध्यक्ष मोहन रघुवंशी ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण और जल संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने घर-परिवार के शुभ अवसरों पर वृक्षारोपण करना चाहिए। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष प्रमोद रघुवंशी, छात्र-छात्राएं, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ईएमएस / 10/04/2026