क्षेत्रीय
10-Apr-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 10 अप्रैल 2026 को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर आबकारी विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की। आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुर्मी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर नयागांव, बरई, घाटीगांव और मोहना क्षेत्र के कई स्थानों पर दबिश दी गई। टीम ने नयागांव कंजर डेरा, बरई कंजर डेरा, घाटीगांव कंजर डेरा, आदिवासी मोहल्ला, बरसाना मोहल्ला तथा नयागांव बंजारे का पुरा में छापेमारी की। इस दौरान प्लास्टिक टंकियों, ड्रमों और जमीन में बने गढ़ों से करीब 3900 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद किया गया। मौके पर नमूना लेने के बाद शेष गुड़ लहान को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा घाटीगांव आदिवासी मोहल्ला और बरसाना मोहल्ला से लगभग 37 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान दो बड़ी स्टील भट्टियां भी बरामद की गईं। इस पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जप्त एवं नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 4.37 लाख रुपये बताया गया है। यह कार्रवाई ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश तिवारी के निर्देशन में की गई। टीम में उपनिरीक्षक सतेंद्र सिंह मीणा, शिवा रघुवंशी, रोशनी पाटीदार सहित कई आरक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।