नालंदा, (ईएमएस)। बिहार के नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में बिहार पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 अप्रैल को कतरीसराय थाना क्षेत्र स्थित खान फर्नीचर के मालिक को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से 75 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की जा रही थी। आरोपियों द्वारा पैसे नहीं देने पर जान से मारने और “डेमो” दिखाने की धमकी दी जा रही थी। इस संबंध में पीड़ित द्वारा कतरीसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कल सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा जिस मोबाइल नंबर से रंगदारी की मांग की जा रही थी, उस मोबाइल और सिम को भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। संतोष झा-१० अप्रैल/२०२६/ईएमएस