ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए “जल गंगा संवर्धन अभियान” प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आज संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने अभियान के तहत जिले में बनाए जा रहे अमृत सरोवर, खेत तालाब एवं अन्य जल संरचनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ, ताकि जल संरक्षण के स्थायी परिणाम सुनिश्चित हो सकें। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जल संरचनाओं के निर्माण के साथ-साथ उनके समुचित रखरखाव एवं उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि और जल उपलब्धता में सुधार हो सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।