अलीगढ़ (ईएमएस)। थाना गांधीपार्क अंतर्गत शहर से सटे गांव ज्वालागढ़ में रात से 10 वर्षीय बालक बंशी लापता था। परिजन रात भर बालक को तलाशते रहे। शुक्रवार की सुबह गांव के बाहर खेत मे बालक शव मिलने से हड़कम्प मच गया। बालक के शव के मुंह से खून निकल रहा था। अंदेशा जताया जा रहा है कि गला दबाकर हत्या की गई और उसके बाद शव को खेत में फेंक दिया गया। बालक के शव मिलने की सूचना पर एसएसपी नीरज जादौन, एसपी सिटी आदित्य बसंल के साथ स्थानीय पुलिस , फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी द्वारा थाना गाँधीपार्क क्षेत्रांतर्गत एक 10 वर्षीय बच्चे का शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने घटना के शीघ्र अनावरण हेतु टीमों का गठन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । एसएसपी द्वारा मृतक बच्चे के परिजनों को आश्वस्त किया गया कि घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस बल, फील्ड यूनिट एवं डॉग स्क्वायड टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 10 अप्रैल 2026