नई दिल्ली(ईएमएस)।उत्तर भारत में इस साल अप्रैल महीने का मौसम उम्मीद के बिल्कुल विपरीत नजर आ रहा है। मार्च की शुरुआत में जिस तरह भीषण गर्मी का अहसास हुआ था, उसके उलट अप्रैल में अब तक एक भी दिन वैसी तपिश महसूस नहीं की गई है। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने से तापमान सामान्य से करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग का ताजा अनुमान संकेत दे रहा है कि अब उत्तर और पश्चिम भारत में धीरे-धीरे गर्मी अपना असर दिखाना शुरू करेगी। शनिवार, 11 अप्रैल को उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगीका, जिसकी वजह से फिलहाल तापमान में बहुत अधिक बढ़ोतरी दर्ज नहीं की जाएगी। राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। रविवार से यहां पारे में उछाल देखा जा सकता है और अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राहत की बात यह है कि सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जिससे दिल्लीवासियों को फिलहाल चिलचिलाती गर्मी से जूझना नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश में भी अब बारिश की संभावना नहीं है और ज्यादातर हिस्सों में चटख धूप खिली रहेगी। राज्य में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि, 15 अप्रैल के बाद यूपी में हीट वेव यानी लू की स्थिति बनने के आसार हैं। बारिश का रुकना किसानों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है, क्योंकि बेमौसम बरसात ने गेहूं की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया था। अब तेज धूप निकलने से बची हुई फसल की कटाई और सुखाने में मदद मिलेगी। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आसमान साफ रहने और धूप निकलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में 12 अप्रैल से लू का असर दिखने लगेगा और गर्मी तेजी से बढ़ेगी। दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों में मौसम अब भी सुहाना बना हुआ है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट बर्फबारी और हल्की बारिश का दौर जारी है। हिमाचल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण ऊंचे क्षेत्रों में ठंडक बनी रहेगी, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। वीरेंद्र/ईएमएस/11अप्रैल2026 -----------------------------------