-30 वर्षों के अनुभव के साथ संभाली कमान -इनोवेशन और एआई पर रहेगा विशेष फोकस नई दिल्ली,(ईएमएस)। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (हेल) को नया नेतृत्व मिल गया है। तेजस प्रोजेक्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी रवि कुमार ने शुक्रवार को कंपनी के 22वें अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के रूप में पदभार संभाल लिया। उन्होंने डॉ. डीके सुनील का स्थान लिया है, जो 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए। रवि कुमार के पास अनुसंधान एवं विकास, विनिर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 30 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वे हेल में निदेशक (संचालन) के पद पर कार्यरत थे और कंपनी को ‘महारत्न’ का दर्जा दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है। पदभार ग्रहण करने के बाद रवि कुमार ने कहा कि उनका लक्ष्य हेल को नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और परिचालन उत्कृष्टता के आधार पर एक वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी एयरोस्पेस और रक्षा उद्यम बनाना है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कर्मचारियों की भागीदारी और तकनीकी उन्नयन कंपनी की भविष्य की रणनीति का प्रमुख हिस्सा होंगे। गौरतलब है कि रवि कुमार ने हेल में कई महत्वपूर्ण नेतृत्व भूमिकाएं निभाई हैं। वे एलसीए तेजस डिवीजन के महाप्रबंधक और कार्यकारी निदेशक रह चुके हैं, साथ ही कॉर्पोरेट योजना विभाग में भी प्रमुख जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। हेल तेजस प्रोजेक्ट में उनकी भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही है। शैक्षणिक रूप से, रवि कुमार कर्नाटक के मालनाड कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग स्नातक हैं। इसके अलावा वे आईआईएम अहमदाबाद और आईएएस टूलूज के पूर्व छात्र भी हैं। वर्तमान में वे मल्टी-रोल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट लिमिटेड के बोर्ड में नामित निदेशक के रूप में भी जुड़े हुए हैं। हिदायत/ईएमएस 01मई26