क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


मीरजापुर (ईएमएस)। कटरा कोतवाली क्षेत्र के सद्भावना नगर (कतवारूपुर) में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान एक वरिष्ठ अधिवक्ता की बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।मृतक की पहचान अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वे विंध्याचल क्षेत्र के देवरी गांव के पूर्व प्रधान भी रह चुके थे। सुबह टहलते समय अचानक बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पुराने गांव विवाद को हत्या का कारण बताया है और नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि पांच टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि, स्थानीय लोगों और अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश है। कटरा कोतवाली प्रभारी बैजनाथ सिंह पर लापरवाही और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लग रहे हैं।पिछली शिकायतों का मामला बताया जा रहा है कि बैजनाथ सिंह के कार्यकाल में इलाके में अपराध बढ़ने और शराबी गुंडों के प्रति नरम रवैये की कई शिकायतें पहले भी सामने आ चुकी हैं। 10 अप्रैल को रेलवे स्टेशन रोड निवासी शिवानी जायसवाल द्वारा दी गई शिकायत में भी कोतवाल पर आरोप लगा था कि शराब पीकर धमकी देने वालों को मात्र 4 घंटे बाद छोड़ दिया गया था।उच्च स्तरीय जांच की मांग घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल जोन, पुलिस अधीक्षक मिर्जापुर और जिला मजिस्ट्रेट को पत्र भेजकर उच्च स्तरीय जांच (SIT) की मांग की है। साथ ही कटरा कोतवाली प्रभारी बैजनाथ सिंह के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग भी की गई है।पुलिस एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा, “परिवार से तहरीर मिलने के साथ ही हम आरोपी की तलाश में जुट गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।”अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश मृतक अधिवक्ता के परिवार और अधिवक्ता समुदाय ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना पुलिस की नाकामी को दर्शाती है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। - शशि भूषण दूबे कंचनीय/गिरजा शंकर त्रिपाठी / 11 अप्रैल /2026