- शराब पीकर बाइक चलाने वाले पर 15,600 रुपए का काटा चालान - पुलिस ने बुलेट का साइलैंसर भी निकाला ब्यावरा(ईएमएस)l नगर में शुक्रवार को यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए वाहन चैकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसी दौरान शराब पीकर बाइक चलाते पाए गए एक युवक पर 15,600 रुपए का चालान किया गया, जो उसकी बाइक की कीमत से भी अधिक बताया जा रहा है। चैकिंग के दौरान पुलिस ने बीमा, फिटनेस, नंबर प्लेट, सीट बेल्ट सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। कई वाहन चालकों को मौके पर ही नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई, वहीं लापरवाही बरतने वालों के चालान बनाए गए। अभियान के दौरान तेज आवाज निकालने वाली एक बुलेट बाइक भी पुलिस ने पकड़ी। नियमों का उल्लंघन करते हुए मॉडिफाइड साइलैंसर लगाए जाने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाइक का साइलैंसर निकाल लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात थाना प्रभारी देवनारायण पांडे ने बताया कि जिलेभर में वाहन चैकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें, जिससे खुद के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। -निखिल/ब्यावरा/11/4/2026