- प्रशासन ने दशहरा मैदान से हटाया अतिक्रमण - झालावाड़ नाके और NH-52 से भी जेसीबी से हटाए अवैध कब्जे राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने अभियान चलाया। दशहरा मैदान के समीप की गई तार फेंसिंग और गाड़े गए खंभों को दो जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया गया। इसके बाद प्रशासनिक अमला सीधे झालावाड़ नाके और नेशनल हाइवे-52 पर पहुंचा, जहां करीब डेढ़ दर्जन दुकानों सहित कई गुमटियों और अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की गई। दरअसल, 5 अप्रैल की रात खिलचीपुर के दशहरा मैदान के समीप स्थित जमीन पर रातों-रात गड्ढे खोदकर पोल गाड़ दिए गए थे और तार फेंसिंग कर जमीन को घेरने का प्रयास किया गया था। मामला सामने आने के बाद उसी दिन एसडीएम अंकिता जैन ने टीम भेजकर मौके का निरीक्षण करवाया था, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी थी। - भाजपा नेताओं ने धरने की चेतावनी दी थी इसके बाद गुरुवार को तहसीलदार अनिल शर्मा और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फेंसिंग करने वाले इमरान को कब्जा हटाने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद शुक्रवार दोपहर तक न तो कब्जाधारी ने फेंसिंग हटाई और न ही मैदान खाली किया। इसी बीच शुक्रवार को भाजपा जिला महामंत्री देवीसिंह सौंधिया, मंडल अध्यक्ष बद्रीलाल दांगी, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा और हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष संजय जायसवाल तहसीलदार के पास पहुंचे और दशहरा मैदान की शासकीय भूमि से कब्जा हटाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि यहां दशहरे के दौरान हजारों लोग वाहन पार्क करते हैं, ऐसे में इस जमीन पर कब्जा होना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो धरना दिया जाएगा। नेताओं की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार अनिल शर्मा ने टीआई उमाशंकर मुकाती को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल के साथ नगर पालिका की दो जेसीबी मौके पर पहुंची। एसडीओपी धर्मराज नागर, सीएमओ देवनारायण दांगी और पुलिस-राजस्व अमले की मौजूदगी में दशहरा मैदान पर लगी तार फेंसिंग और खंभों को उखाड़ दिया गया। दशहरा मैदान से कार्रवाई के बाद प्रशासनिक टीम सीधे झालावाड़ नाके पहुंची। यहां पहले से चेतावनी देने के बावजूद लोगों ने नालियों और सड़क किनारे तक कब्जे कर रखे थे। प्रशासन ने करीब डेढ़ दर्जन दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण हटवाए और आगे से कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। इसके बाद टीम सोमवारिया स्थित नेशनल हाईवे-52 पर पहुंची। यहां टीआई उमाशंकर मुकाती की मौजूदगी में जेसीबी से सड़क किनारे रखी आठ से अधिक गुमटियों को हटाया गया। कुछ गुमटियों को जेसीबी से उठाकर गड्ढे में डाल दिया गया। वहीं शराब ठेके के पास संचालित एक अवैध अहाते को भी तोड़ने की कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी शासकीय भूमि और सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। -निखिल/राजगढ़/11/4/2026