अररिया, (ईएमएस)। बिहार के अररिया जिले में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का बिहार पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 अप्रैल को अररिया जिले के बौसी थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीनगर गांव में आरेलाल पासवान को गांव के ही रंजीत पासवान एवं अन्य नामजद आरोपियों द्वारा गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी रंजीत पासवान उर्फ बबलु को सुपौल जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बौसी थाना में पहले से ही चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी उजागर होती है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस