राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकासखंडों में पेयजल व्यवस्थाओं, हैंडपंपों की स्थिति तथा जल स्तर की समीक्षा की गई। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में जितने भी हैंडपंप खराब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दुरुस्त किया जाए। साथ ही सारंगपुर एवं नरसिंहगढ़ क्षेत्रों में जल स्तर की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित पेयजल संकट से समय रहते निपटा जा सके। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि आगामी तीन माह पेयजल व्यवस्था के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, अतः सभी अधिकारी निरंतर फील्ड में रहकर कार्यों की मॉनिटरिंग करें। प्रत्येक सप्ताह की कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रस्तावित हैंडपंपों की संख्या एवं उनकी व्यवहार्यता पर भी गहन समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम में कम से कम एक बोर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। इसी के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैकेनिक दलों की सक्रियता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक विकासखंड में मैकेनिक टीम प्रभावी रूप से कार्य करें। मैकेनिक टीमों को उपलब्ध कराए गए वाहनों की जानकारी संधारित करने तथा मैकेनिक टीमों की सूची जनपद सीईओ के साथ साझा कर उनका पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, कार्यपालन यंत्री (पीएचई), जल निगम के प्रबंध संचालक एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्पित गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।-निखिल/राजगढ़/11/4/2026