क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


सेजबहार लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, 2 आरोपी व 3 नाबालिग सहित 5 गिरफ्तार रायपुर (ईएमएस)। मुजगहन थाना क्षेत्र में सेजबहार के पास हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत 3 बालकों सहित कुल 5 को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, चाकू, डंडा तथा लूट का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे प्रार्थी भूषण साहू अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार 5 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने मारपीट कर मोटरसाइकिल गिरा दी, चाबी छीन ली और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आई युवतियों के साथ भी मारपीट व छेड़छाड़ कर उनसे मोबाइल, चेन, ताबीज और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना मुजगहन और न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी चेतन नामदेव को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद नितिन ध्रुव और 3 नाबालिगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 76/26 के तहत धारा 310(2), 74 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि आरोपी चेतन नामदेव और एक नाबालिग पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/11 अप्रैल 2026