कुशीनगर (ईएमएस)। यूपी के कुशीनगर में हैवानियत की हदें पार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बीते दिन परिषदीय विद्यालय में पढ़ने गई पांच वर्षीय बच्ची के साथ प्रधानाचार्य द्वारा दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के बाद बच्ची खून से सनी घर पहुंची तो घर वालों ने आनन-फानन में नजदीकी समुदाय स्वास्थ्य केंद्र सेवरही पहुंचाया। डाक्टरों ने बच्ची को गंभीर देखते हुए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर आगे की करवाई में जुटी है तरयासुजान थाना क्षेत्र में शुक्रवार को परिषदीय विद्यालय के शिक्षक पर पांच वर्षीय मासूम छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, कक्षा एक में पढ़ने वाली पांच वर्ष की मासूम बच्ची शुक्रवार को स्कूल से बदहवास हालत में घर लौटी। बच्ची ने परिजनों को सिलसिलेवार शिक्षक की दरिंदगी के बारे में बताया। परिजनों ने जब देखा कि बच्ची का रक्तस्राव नहीं रुक रहा है, तो उनके पांव तले जमीन खिसक गई। वे आनन-फानन में उसे स्थानीय अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के दौरान बच्ची की स्थिति में सुधार न होते देख चिकित्सकों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। रविंद्रनगर थाने की पुलिस टीम ने तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया। जितेन्द्र 11 अप्रैल 2026