बरेली (ईएमएस)। यूपी के बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में शनिवार को बदायूं रोड स्थित एलपीएस कॉलेज के पीछे एक शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर, पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सिकरोड़ी गांव निवासी 22 वर्षीय सत्यवीर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब आठ दिनों से लापता था, परिजनों द्वारा उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक सत्यवीर ईंट भट्टे पर काम करता था। ईट भट्टे के ठेकेदार नजर हसन और सहकर्मी मंजू ने सत्यवीर के शव की पहचान की है। उन्होंने बताया कि सत्यवीर घर से इन्वर्टर ठीक कराने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव का पता उस समय चला, जब खेतों में गेहूं कटाई के लिए पहुंचे लोगों को दुर्गंध महसूस हुई। पहले उन्हें किसी जानवर के मृत होने की आशंका हुई, लेकिन पास जाकर देखा तो युवक का शव पेड़ से लटका मिला, इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर इंस्पेक्टर बीनू चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जितेन्द्र 11 अप्रैल 2026