राज्य
11-Apr-2026


इंदौर (ईएमएस)। इंजीनियरिंग और प्राचीन भारतीय वास्तुकला के अनूठे संगम अयोध्या राम मंदिर के निर्माण की तकनीकी बारीकियों से शहर के प्रबुद्धजन रूबरू होंगे। एसोसिएशन ऑफ स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स, इंदौर द्वारा रविवार, 12 अप्रैल को शाम 6:00 बजे एसजीएसआईटीएस, कॉलेज में 25वें प्रो. डी. जी. धवलीकर मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया जा रहा है। संस्थान के पूर्व डायरेक्टर और प्रख्यात शिक्षाविद स्वर्गीय प्रो. धवलीकर की स्मृति में आयोजित यह व्याख्यान माला इस वर्ष अपनी रजत जयंती मना रही है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एआईसीटीई के पूर्व चेयरमैन और आईआईएससी बैंगलोर के प्रतिष्ठित प्रोफेसर टी.जी. सीताराम होंगे। व्याख्यान का मुख्य विषय अयोध्या के श्री राम मंदिर की नींव और निर्माण तकनीक रखा गया है। प्रोफेसर सीताराम विस्तार से बताएंगे कि कैसे बिना स्टील (लोहे) का उपयोग किए मंदिर को एक हजार वर्षों तक अक्षुण्ण रखने के लिए तैयार किया गया है। इसमें सरयू नदी के तट की रेतीली जमीन पर मजबूती प्रदान करने के लिए 56 परतों वाली विशेष मिट्टी से तैयार ठोस आधार और 21 फुट ऊंचे ग्रेनाइट पत्थरों के उपयोग की इंजीनियरिंग तकनीक साझा की जाएगी। यह सत्र विद्यार्थियों और विशेषज्ञों के लिए आधुनिक विज्ञान और प्राचीन परंपरा के समन्वय को समझने का दुर्लभ अवसर होगा। प्रकाश/11 अप्रैल 2026