मनोरंजन
12-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। मशहूर यूट्यूबर समय रैना पिछले साल उनके शो इंडिया गॉट लेटेंट को लेकर हुए विवाद के बाद वह लगातार सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने अब करीब 14 महीने बाद ‘समय रैना-स्टिल अलाइव’ नाम के शो के साथ कमबैक किया है, जिसमें उन्होंने पूरे विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी है। जारी वीडियो में समय रैना ने बताया कि शो के दौरान रणवीर अल्लाहाबादिया ने विवादित सवाल एक बार नहीं बल्कि कई बार पूछा था। उन्होंने कहा कि रिकॉर्डिंग के दौरान यह सवाल करीब आठ बार दोहराया गया, लेकिन उन्होंने फाइनल एडिट में सिर्फ एक बार ही उसे शामिल किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने “99 प्रतिशत गंदगी हटा दी थी”, लेकिन फिर भी विवाद खड़ा हो गया। कॉमेडियन ने इस पूरे मामले के असर पर भी बात की और बताया कि इस विवाद के चलते उन्हें लगभग एक साल तक कॉमेडी से दूर रहना पड़ा। उनके मुताबिक, इस घटना ने उनके करियर और काम पर गहरा असर डाला। उन्होंने यह भी कहा कि एक व्यक्ति की गलती का खामियाजा पूरे शो और उससे जुड़े सभी लोगों को भुगतना पड़ा। वीडियो में समय रैना ने अपने आलोचकों पर भी पलटवार किया। सुनील पाल की टिप्पणी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें कपिल शर्मा से सीखने की सलाह दी गई थी, जबकि खुद कपिल शर्मा उनके शो में आने वाले थे और उन्होंने इसे पसंद भी बताया था। वहीं मुकेश खन्ना की आलोचना पर उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ‘शक्तिमान’ भी उनके पीछे पड़ गया था और वह उससे कैसे लड़ते। गौरतलब है कि पिछले साल फरवरी में रणवीर अल्लाहाबादिया शो में गेस्ट के तौर पर पहुंचे थे, जहां उनके एक सवाल ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। यह मामला सोशल मीडिया से लेकर संसद तक पहुंचा और अदालत ने भी दोनों पक्षों को कड़ी फटकार लगाई थी। सुदामा/ईएमएस 12 अप्रैल 2026