मुंबई (ईएमएस)। फैंस को साउथ के सुपर स्टार अल्लू अर्जुन ने अपने जन्मदिन के मौके पर खास तोहफा दिया है। अल्लू अर्जुन ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म एए22 एक्स ए6 का आधिकारिक टाइटल रिवील करते हुए इसका नाम ‘राका’ घोषित कर दिया है। जारी किए गए पोस्टर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है। पोस्टर में एक डार्क और रहस्यमयी माहौल नजर आता है, जिसमें एक अजीबोगरीब क्रिएचर की झलक दिखाई देती है। इस लुक से साफ संकेत मिलता है कि ‘राका’ पारंपरिक एक्शन फिल्म से अलग हटकर एक बड़े और अनोखे सिनेमाई अनुभव का हिस्सा होगी। फिल्म के विजुअल्स में सुपरनेचुरल तत्वों की झलक भी देखने को मिल रही है, जिससे यह एक नए यूनिवर्स की शुरुआत का संकेत देती है। इस फिल्म का निर्देशन एटली कुमार कर रहे हैं, जो इसे एक भव्य फैंटेसी-एक्शन एंटरटेनर के रूप में तैयार कर रहे हैं। यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है और इसमें हाई-एंड विजुअल इफेक्ट्स, विशाल सेट्स और दमदार कहानी का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है, जो बड़े बजट और भव्य प्रोजेक्ट्स के लिए जाना जाता है। अल्लू अर्जुन इस फिल्म में एक बिल्कुल नए और अलग अवतार में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि उनका किरदार अब तक के उनके सभी रोल्स से अलग होगा, जिसमें स्टाइल के साथ-साथ गहराई और तीव्रता भी देखने को मिलेगी। यह नया रूप दर्शकों के लिए एक अलग सिनेमाई अनुभव लेकर आने वाला है। वहीं, एटली कुमार ने इस प्रोजेक्ट को अपने दिल के बेहद करीब बताया है। उन्होंने खुलासा किया कि ‘राका’ का विचार उनके साथ करीब 18 सालों से जुड़ा हुआ है और यह उनके लिए एक सपना प्रोजेक्ट है, जिसे वह अब बड़े पर्दे पर साकार कर रहे हैं। निर्माताओं का मानना है कि एटली की भव्य सोच और अल्लू अर्जुन की स्टार पावर का यह संगम फिल्म को वैश्विक स्तर पर खास पहचान दिला सकता है। सुदामा/ईएमएस 12 अप्रैल 2026