नई दिल्ली (ईएमएस)। एक तरफ जहां राजधानी दिल्ली में स्वच्छता पर जोर देते हुए काम कराए जा रहे हैं। वहीं बदरपुर विधानसभा का एक वार्ड ऐसा है, जहां बीते तीन महीने से कचरे का उठान ही नहीं हो पा रहा है। सड़कों से लेकर गलियों तक में झाडू भी नहीं लगती। सड़क से लेकर गली तक में बिखरा ये कचरा नालियों में पहुंचकर उन्हें जाम कर दे रहा है। प्रमुख मार्गों पर कचरों के ढेर सुबह-शाम जाम के साथ ही दुर्घटना की भी वजह बन रहे हैं। एमसीडी अधिकारियों, निगम पार्षद से लेकर एमसीडी 311 एप तक पर शिकायत की गई। पर अब तक लोगों को राहत नहीं मिल पायी है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक आबादी के हिसाब से हरिनगर वार्ड में 70 से 80 सफाई कर्मियों की जरूरत है। पर नजर केवल 10 से 15 ही आते हैं। इसके चलते कई गलियों और सड़कों की नियमित सफाई नहीं हो पाती। नालियां कचरे की वजह से चोक है। इनकी भी सफाई नहीं होती। वार्ड स्थित के ब्लाक सौरभ विहार छठ घाट के नजदीक, एन ब्लाक अमर मार्केट, लव कुश चौक, टंकी रोड, अर्पण विहार, मोड़बंद आदि में सड़क किनारे कचरे के ढेर लगे हैं। लोगों के मुताबिक क्षेत्र में तीन से चार ही कचरा गाड़ी आती है, जबकि 10 से 12 गाड़ियों का कूड़ा रोज निकलता है। जितना कचरा उठता नहीं उसका चार गुना रोज पड़ जाता है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/12/ अप्रैल /2026