क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने महरौली पुरातात्विक पार्क में बैसाखी कार्यक्रम के कारण रविवार को कुतुब मीनार के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन की घोषणा की है। शाम 4 से रात 9 बजे तक अनुव्रत मार्ग, क्रेसेंट रोड और कालका दास मार्ग प्रभावित रहेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ओर से दक्षिणी दिल्ली स्थित महरौली पुरातात्विक पार्क में बैसाखी पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवायजरी जारी की है। रविवार को कुतुब मीनार और डीडीए पुरातात्विक पार्क के आसपास भारी भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शाम चार बजे से रात नौ बजे तक अनुव्रत मार्ग, क्रेसेंट रोड, कालका दास मार्ग और इनसे जुड़ी सड़कें प्रभावित रहेंगी। ऐसे में फूल मंडी, मस्जिद हाजी अली जान और कालका दास मार्ग से होते हुए कुतुब मीनार की तरफ कोई भी भारी या व्यावसायिक वाहन नहीं जा सकेंगे। प्रभावित मार्गों पर वाहन रोकना या पार्क करना प्रतिबंधित रहेगा। नियम तोड़ने वालों की गाड़ी टो कर ली जाएगी। वाहन चालक इनकी मार्गों से की बजाय अरबिंदो मार्ग और दूसरे उपलब्ध रास्तों का उपयोग करें। यात्रा की योजना पहले से बना लें और सार्वजनिक परिवहन या मेट्रो का इस्तेमाल करें। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/12/ अप्रैल /2026