- मॉर्निंग वॉक और योगा वाले निराश कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर क्षेत्र की प्रदूषित आबोहवा से कुछ समय के लिए निजात पाने और हरी-भरी वादियों के बीच प्राण वायु शुद्ध ऑक्सीजन लेने के साथ ही जीवनचर्या के तहत योगाभ्यास करने वालों के लिए एक उत्तम व्यवस्था अशोक वाटिका में की गई है। यह अशोक वाटिका शहर वासियों के लिए किसी ऑक्सीजोन से कम नहीं जहां वे हर सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचते हैं। साथ ही योगाभ्यास भी करते हैं। यह सार्वजनिक स्थल समय-समय पर लाखों रुपए की लागत से विकसित किया गया है, किंतु इसे बिना कोई उचित कारण बताए और किसके आदेश से इसका भी उल्लेख किए बगैर, बिना किसी सूचना के ही 10 से 14 अप्रैल तक बंद कर दिया गया है। अशोक वाटिका को इस तरह से बंद कर दिए जाने के कारण यहां आने वाले नियमित मॉर्निंग वॉक और योगा करने वालों को बड़ी निराशा हाथ लगी। जब वे अपने नियमित रूटीन के तहत यहां पहुंचे तो गेट पर ताला और एक सूचना चस्पा की हुई नजर आई। इस तरह की सूचना को लेकर मॉर्निंग वॉक और योगा करने वालों में नाराजगी देखी जा रही है। उन्होंने इस तरह की अव्यवस्था पर सवाल भी उठाए हैं। पूर्व पार्षद एवं एमआईसी सदस्य दिनेश सोनी ने कहा है कि अशोक वाटिका गार्डन शहर के मॉर्निंग वॉक वालों के लिए 14 तारीख तक बंद रहेगा। शहर के मॉर्निंग वॉक, स्वास्थ्य लाभ लेने वाले, योग साधक महिला-पुरुष परेशान होते रहे। बन्द रहने की किसी भी तरह से अधिकृत सूचना नगर निगम की ओर से भी जारी नहीं की गई है। 12 अप्रैल / मित्तल