- 154 सिलेंडर पहुंचे - उपभोक्ताओं में नाराजगी बरकरार कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम के गेवरा क्षेत्र स्थित कंज्यूमर कोऑपरेटिव सोसाइटी में गैस सिलेंडर वितरण को लेकर एक बार फिर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। सीमित संख्या में सिलेंडर पहुंचने और उपभोक्ताओं की अधिक भीड़ के कारण अव्यवस्था फैल गई। जानकारी के अनुसार, सोसाइटी को कंपनी की ओर से केवल 154 गैस सिलेंडर ही उपलब्ध कराए गए। कोऑपरेटिव के मैनेजर उमाकांत राठौर ने बताया कि सिलेंडरों की संख्या कम होने के कारण सभी उपभोक्ताओं को वितरण संभव नहीं हो सका, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ गया। बताया गया कि 15 मार्च तक की बुकिंग के आधार पर सिलेंडर वितरण के लिए रसीद काटी जा रही थी। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने वितरण प्रक्रिया में भेदभाव बरते जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ते देख कर्मचारियों ने ऑपरेटिंग ऑफिस को बंद कर ताला लगा दिया। कार्यालय बंद होने से गैस लेने पहुंचे उपभोक्ताओं में और अधिक नाराजगी फैल गई। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित एजेंसी से जल्द पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की मांग की है। 12 अप्रैल / मित्तल