राज्य
12-Apr-2026
...


- पैनल जांच कर्ताओं की मिली भगत से गोल्ड लोन में फर्जीवाड़ा जबलपुर, (ईएमएस)। लार्डगंज थानान्तर्गत पंजाब नेशनल बैंक की सुपरमार्केट स्थित शाखा में आधा दर्जन लोगों ने नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर पैनल जांच कर्ताओं की मिली भगत के साथ उसे असली बताकर बैंक को साढ़े 16 लाख रूपए की चपत लगा दी। शिकायत के अवलोकन के बाद बैंक में गिरवी रखे सोने की जेवर नकली पाये जाने पर दो पैनल जांचकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। लार्डगंज थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की सुपर मार्केट शाखा के प्रबंधक सुभाष कुमार ने शिकायत दर्ज करायी थी कि शाखा में बैंक के पैनल वैल्युअर्स के साथ मिलकर कुछ लोगों ने नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन हासिल कर सुनियोजित तरीके से बैंक के साथ अपराधिक धोखाधड़ी की है। इस धोखाधड़ी में बैंक के गोल्ड वैल्युअर्स फर्म अभिनव ज्वेलर्स के राजीव सोनी व आशुतोष सराफ ने गोल्ड लोन के फर्जीवाड़े में शामिल लोगों की मिली भगत की है। उक्त दोनों जांचकर्ताओं ने पूर्व नियोजित षडयंत्र के तहत ग्राहकों द्वारा लाये गये नकली जेवरों को असली सोने का बताकर फर्जी एवं कूटरजित रिपोर्ट तैयार कर बैंक से गोल्ड लोन स्वीकृत कराने में मदद की। गोल्ड लोन के फर्जीवाड़े में शामिल बुसरा कुरैशी ने ६ नग चूड़ि़यां गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखी थी जिसे पैनल वैल्युअर राजीव सोनी ने सही बताया था वहीं इसके बाद आशुतोष सराफ ने भी जेवर को असली सोने का बताया था जिसके आधार पर उसे 1 लाख 98 हजार लोन स्वीकृत हुआ था इस तरह ब्याज समेत यह राशि अब 2 लाख 23 हजार 14 रूपए पहुंच गई है। इसी तरह लक्ष्मी प्रसाद कडेरे ने नकली सोने के जेवर रखकर वैल्युअर राजीव सोनी व आशुतोष सराफ की मदद से उसे असली बताते हुए 1 लाख 67 हजार व 2 लाख 3 हजार 7 सौ रूपए का लोन लिया था इस तरह उसके लोन ब्याज समेत लोन की राशि 4 लाख 15 हजार रूपए पहुंच गई है। इसी तरह सुशीला पटैल, निशा मंसूरी, अचिन उरमलिया व सुन्दर लाल साहू ने भी वैल्युअर पैनल की मदद से नकली सोने के जेवर गिरवी रख गोल्ड लोन निकालकर बैंक को लाखों की चपत लगायी है। इस तरह आधा दर्जन लोगों द्वारा नकली जेवर रखकर गोल्ड लोन का फर्जीवाड़ा करने से बैंक को साढ़े 16 लाख रूपए का प्रत्यक्ष नुकसान हुआ है। बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर जांच के बाद पैनल वैल्युअर्स राजीव सोनी व आशुतोष सराफ के खिलाफ नकली सोने को असली बताकर गोल्ड लोन का फर्जीवाड़ा करने मे मदद करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। सुनील साहू / मोनिका / 12 अप्रैल 2026/ 02.20