क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


- 310 वारंटी और 23 अवैध शराब कारोबारी अंदर जबलपुर, (ईएमएस)। जिले भर में शनिवार की रात 9 बजे से 2 बजे तक पुलिस मैदान में रही| दरअसल पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हर शनिवार की रात कॉम्बिंग गश्त की जा रही है| इस दौरान गुंडे, बदमाशों, फरार वारंटियों की पुलिस तलाश कर रही हैं| 5 घंटों में पुलिस ने एरिया डॉमीनेशन करते हुए 310 फरार वारंटियों और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया| पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री अंजना तिवारी, तथा समस्त नगर पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में थानों तथा पुलिस लाईन से प्राप्त अतिरक्त बल द्वारा थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाके एवं अपराध संभावित क्षेत्र में पैदल भ्रमण करते हुये एरिया डॉमीनेशन किया गया। कॉम्बिग गस्त के दौरान वारंटी एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु शहर एवं देहात के थानों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीमें बनाई गई, एक टीम के प्रभारी थाना प्रभारी स्वयं थे, अन्य टीम के प्रभारी उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी थे इसके साथ ही क्राईम ब्रांच की टीमें भी लगाई गयी। टीमों के द्वारा दबिश देते हुए कॉम्बिंग गस्त के दौरान कई वर्षों से फरार 152 गैर म्यादी वारंटियों एवं 96 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए तथा 62 जमानती वारंट भी तामील किए गए है। अधिकांश आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचते फिर रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अवैध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देते हुये 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर 16 लीटर कच्ची तथा 95 पाव देशी, विदेशी शराब जप्त की गयी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की कार्यवाही भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी ताकि जिले में अपराध और अपराधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही कांबिंग गस्त के दौरान सक्रिय गुंडे बदमाशों को चेक करते हुए देर रात आने जाने वालों से रोक-टोक पूछताछ एवं रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड के साथ-साथ मुसाफिरखाना में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों की चेकिंग की गई। सुनील साहू / मोनिका / 12 अप्रैल 2026/ 03.12