क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


- ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत के बाद दो बाइकें भी टकराईं, पति-पत्नी की मौत गुना (ईएमएस)। जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 10 बजे कुंभराज-मोहनपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें ट्रैक्टर, कार और दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक और 4 साल का बच्चा घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क संकरी होने के बावजूद कार चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से कार ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे कार का टायर फट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर भी अनियंत्रित हो गया और उसी समय सामने से आ रही दो मोटरसाइकिलें भी उसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते सड़क पर तीन वाहनों की भिड़ंत से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार कैलाश सिंह (58) और उनकी पत्नी बदी बाई (55), निवासी बड़ौद, की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान उनके साथ मौजूद 4 वर्षीय नाती आशीष मैथिल घायल हो गया, जिसे तत्काल कुंभराज अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गुना रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही कुंभराज पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी पंकज त्यागी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान यह हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी