- पार्टी के बहाने बुलाकर युवक को चप्पलों से पीटा, जान से मारने की दी धमकी गुना (ईएमएस)।शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिलोनिया के पास दो खंभा इलाके में जमीन सौदे के विवाद को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले फरियादी को पार्टी के बहाने बुलाया और फिर बीयर पीने के दौरान विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। कमीशन के पैसों को लेकर हुआ विवाद फरियादी रामकृष्ण कुशवाह निवासी ग्राम पिपरौदाखुर्द ने बताया कि वह टाइपिंग का कार्य करता है। करीब 4-5 माह पहले उसने आरोपी शिवराज कुशवाह और धर्मेंद्र कुशवाह के बीच एक जमीन का सौदा करवाया था, जिसके बदले उसे 5 लाख रुपये कमीशन मिला था। बाद में सौदा रद्द होने पर रामकृष्ण ने कमीशन की पूरी राशि राजेंद्र तोमर को फोन-पे के माध्यम से वापस कर दी थी। पार्टी के बहाने बुलाया और किया हमला शुक्रवार शाम करीब 6 बजे आरोपी राजेंद्र तोमर फरियादी को कोर्ट से पार्टी करने के बहाने दो खंभा इलाके में ले गया। वहां पहले से मौजूद शिवराज कुशवाह, धर्मेंद्र कुशवाह और बिट्टू गौर के साथ बैठकर सभी ने बीयर पी। इसी दौरान आरोपियों ने जमीन का सौदा बिगडऩे की बात पर रामकृष्ण को गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर चारों आरोपियों ने उसे हाथ-थप्पड़ों और चप्पलों से जमकर पीटा, जिससे उसके शरीर में कई जगह अंदरूनी चोटें आईं। जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला घटना के बाद पीडि़त ने अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जहाँ से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। कैंट पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी शिवराज कुशवाह, धर्मेंद्र कुशवाह, बिट्टू गौर और राजेंद्र तोमर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत असल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी