क्षेत्रीय
12-Apr-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। वाराणसी में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. बी. आर. अंबेडकर की जन्म तिथि 14 अप्रैल, 2026 को वाराणसी की तमाम सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा रैली, संगोष्ठी, प्रतियोगिता तथा प्रदर्शनी इत्यादि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कई संस्थाएं डॉ. बी. आर. अंबेडकर के जीवन पर झांकियां प्रस्तुत करेंगी। वाराणसी कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क में कई स्वयं सेवी संस्थाओं द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया है। कचहरी परिसर स्थित अंबेडकर पार्क में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, सेंट्रल बैंक, इंडियन बैंक, ग्रामीण बैंक द्वारा स्टाल लगाए जाएंगे तथा विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनी इत्यादि का आयोजन कर बाबा साहब के जीवन के तमाम पहलुओं को दर्शाया जाएगा। बैंक ऑफ़ बड़ौदा के वरिष्ठ प्रबंधक श्रीराम आर्या ने बताया कि बैंक ऑफ़ बड़ोदा द्वारा कचहरी परिसर स्थित एक बड़ा भव्य आयोजन बाबा साहब के जीवन पर किया जाएगा, जिसमें स्टॉल लगाया जाएगा। उस स्टॉल का उद्घाटन बैंक के जोनल स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उद्घाटन करेंगे तथा लोगों को बाबा साहब के जीवन के संदर्भ में जागरूक किया जाएगा। 14 अप्रैल, 2026 को ही काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी में एक वृहद संगोष्ठी का आयोजन किया गया है जिस के मुख्य अतिथि मुकेश मेश्राम (आई ए एस ) अतिरिक्त मुख्य सचिव उत्तरप्रदेश सरकार होंगे। अध्यक्षता बी एच यू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी करेंगे तथा कार्यक्रम में विशिष्ट तिथि के रूप में वाराणसी के मंडलायुक्त एस राज लिंगम (आई ए एस) तथा चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. एस एन संखवार होंगे। पूरे कार्यक्रम का संयोजन द्रव्य गुण विभाग (बी एच यू) के विभागाध्यक्ष प्रो. बी राम तथा संरक्षक प्राचीन इतिहास विभाग के प्रो. एम.पी. अहिरवार होंगे। बाबा साहब के जन्म दिवस पर डॉ. बी. आर. अंबेडकर जन जागरण उत्थान समिति सुसवाही, वाराणसी द्वारा एक प्रातः काल में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा जो सुसवाही ग्राम सभा का चक्रमण करते हुए विभिन्न बस्तियों से प्रभात फेरी गुजरेगी तथा सुसवाही स्थित अंबेडकर पार्क में सुबह समाप्त होगी। इस समिति द्वारा 19 अप्रैल, 2026 को बाबा साहब के संघर्षमय जीवन पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया है, जिसमें लघु उद्योग प्रदर्शनी, पुस्तक प्रदर्शनी, नाटक, गीत, संगीत इत्यादि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष तथा महामंत्री क्रमशः प्रो. एस. के. भारती तथा आर. के. निगम ने बताया कि बाबा साहब के जीवन से जुड़ी तमाम पुस्तकों की भव्य प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा तथा उनके जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर एक व्यापक स्तर पर संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। इस संगोष्ठी में छात्र, छात्राएं,किसान एवं श्रमिक एवं महिलाएं भाग लेंगी। - डॉ नरसिंह राम / 12अप्रैल,2026