- रात भर की गई कॉम्बिंग गश्त में 70 फरार आरोपी-वारंटी गिरफ्तार - 55 जमानती वारंट, 68 समन तामील, दर्जनो गुंडे बदमाशो की सरप्राइस चैकिंग - 100 से ज्यादा अधिकारी, कर्मचारियों रहे मैदान में भोपाल(ईएमएस)। शहर में चारो और लगातार हो रही चोरियां, चाकूबाजी, लूट, गोलीकांड और हत्या जैसी संगीन वारदातो के बीच अपराधो पर अंकुश लगाने के लिये भोपाल देहात पुलिस ने 11-12 मार्च की दरम्यानी रात सख्त कॉम्बिंग गश्त को अंजाम दिया। रात भर मैदानी स्तर पर मौजूद रही पुलिस टीम ने कार्यवाही के दौरान 70 फरार आरोपी-वारंटी गिरफ्तार किये जिनमें 28 स्थायी और 42 गिरफ्तारी वारंटी शामिल थे। इसके साथ ही 55 जमानती वारंट सहित 68 समन तामील कराये गये। पुलिस टीमो ने देहात क्षेत्र के कई दूर दराज के इलाको में रात को सरप्राइस चैकिंग करते हुए गुंडो और लिस्टेड बदमाशो के घरो पर दबिश दी। इस दौरान 39 गुंडो सहित 30 निगरानी बदमाशों पर कार्रवाई की गई। कांबिग गश्त के दौरान आबकारी एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया। कार्यवाही को रात भर 109 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंजाम दिया। मिली जानकारी के मुताबिक अपराधियों पर नियंत्रण बनाये रखने के लिये भोपाल देहात पुलिस द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान लगभग 109 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम ने 6 घंटे लगातार ताबड़तोड़ कार्यवाही की। अभियान के पूर्व एसपी रामशरण प्रजापति द्वारा सभी थाना प्रभारियों को टीम भावना के साथ संवेदनशीलता से कार्रवाई करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया एवं समस्त एसडीओपी के मार्गदर्शन में सारी रात गश्त लगातार जारी रही। अफसरो ने बताया की कॉम्बिंग गश्त का मुख्य उद्देश्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामिली, निगरानी एवं आदतन अपराधियों की चेकिंग तथा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण सुनिश्चित करना है। साथ ही, अदालत में लंबित मामलो के निराकरण में भी यह अभियान सहायक सिद्ध हो रहा है, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलना सुनिश्चित होता है। जुनेद / 12 मार्च