- गिरने से दोनो महिलाए हुई गंभीर घायल भोपाल(ईएमएस)। शहर के गोविंदपुरा थाना इलाके में जेके रोड पर बाइक सवार दो बदमाशो ने स्कूटी पर जा रही महिला का बैग झपटने का प्रयास किया। लुटरो के अचानक हुए हमले से चलती स्कूटी बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद बदमाश पर्स लेकर भाग गए, वहीं स्कूटी सवार महिला और उसकी सहेली गंभीर रुप से घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना पुलिस के अनुसार ऐशबाग क्षेत्र स्थित पुष्पा नगर में रहने वाली ज्योति ठाकुर (38) पत्नी अजय ठाकुर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। उनके पड़ोस में कस्तूरी राठौर (46) रहती हैं। शुक्रवार शाम को ज्योति और कस्तूरी स्कूटी से अपनी सहेली नीतू शर्मा के नरेला शंकरी स्थित घर गई थीं। वहां से वापस लौटते समय रात करीब पौने दस बजे जब वे रायसेन रोड पर बिजली कालोनी के सामने पानी की टंकी के पास पहुंची तभी उनका पीछा कर रहे बाइक सवार बदमाश करीब आए और स्कूटी पर पीछे बैठीं कस्तूरी राठौर का पर्स छीनने के लिये जोर से झपटा मारा। पर्स का बेल्ट बाएं कंधे पर था, जिससे झपटा लगते ही वह उनकी गर्दन में फंस गया। बदमाश ने दोबारा ताकत से पर्स खींचा तब पर्स का कुंडा टूट गया, वहीं झटके से स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। गिरने के कारण कस्तूरी का सिर फट गया। साथ ही दाएं कंधे व कोहनी में चोट लगी है। जबकि ज्योति का दाहिना हाथ-पांव टूट गया। हादसे के बाद दोनों महिलाएं बेसूध हो गई थीं। वहॉ से गुजर रहे राहगीरों ने ज्योति के मोबाइल से नंबर निकालकर उनकी सहेली नीतू को हादसे की सूचना देते हुए दोनों घायल महिलाओं को इलाज के लिये अस्पताल पहुचां दिया था। नीतू ने उनके परिवार वालो को सूचना दी इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। बताया गया है कि आईसीयू में भर्ती कस्तूरी घटना के करीब 20 घंटे बाद तक बेहोश रही। शनिवार शाम को उन्हें होश आया है। वहीं स्कूटी चला रहीं ज्योति सेमी-प्राईवेट वार्ड में भर्ती हैं। लूटे गये पर्स में मोबाइल और नगदी रखी थी। सूचना मिलने पर गोविंदपुरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ऐशबाग और गोविंदपुरा थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। जुनेद / 12 अप्रैल