फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद में थाना लाइनपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी खनन माफिया को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल 2026 की रात थाना लाइनपार क्षेत्र में पुलिस द्वारा लगाए गए बैरियर को एक ट्रैक्टर चालक ने तेज रफ्तार में टक्कर मारकर तोड़ दिया था। इतना ही नहीं, आरोपी ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश भी की थी। हालांकि सभी पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी की पहचान मोहनलाल पुत्र देवेंद्र निवासी बारेलाल की ठार, गुदाऊ के रूप में हुई। इस मामले में थाना लाइनपार पर मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं, लेकिन आरोपी फरार चल रहा था। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुदाऊशाला क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। असलहा और ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। अस्पताल में भर्ती, कार्रवाई जारी घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। - ईएमएस