(कोरबा) एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के आर एंड आर मद अन्तर्गत पुनर्वास ग्राम नेहरूनगर में निर्मित ‘नवीन सामुदायिक भवन’ का लोकार्पण कोरबा (ईएमएस) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना के गेवरा क्षेत्र अंतर्गत आर एंड आर मद के तहत पुनर्वास ग्राम नेहरूनगर में निर्मित ‘नवीन सामुदायिक भवन’ का लोकार्पण 12 अप्रैल को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोरबा लोकसभा क्षेत्र सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए, जबकि नेहरूनगर (बतारी) के सरपंच की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही। लोकार्पण कार्यक्रम अंतर्गत कोल् इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र के महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान सीएसआर नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश चौधरी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि इस प्रकार के सामुदायिक भवन ग्रामीण क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे गांव में विभिन्न कार्यक्रमों, बैठकों और सामाजिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। नवनिर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण से नेहरूनगर के ग्रामीणों को अब सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए एसईसीएल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने भवन का अवलोकन किया और इसके उपयोग को लेकर ग्रामीणों से चर्चा भी की। 13 अप्रैल / मित्तल